
रायपुर न्यूज धमाका – नक्सल विरोधी अभियान में शहीद हुए सीआरपीएफ कोबरा बटालियन के कांस्टेबल सोलंकी मेहुल भाई नंदलाल को आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पार्थिव शरीर को कंधा देकर अंतिम विदाई दी। मुख्यमंत्री चौथी वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल परिसर, माना पहुंचे, जहां उन्होंने पुष्पचक्र अर्पित कर वीर सपूत को नमन किया।
“शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी” – मुख्यमंत्री साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा,
“शहीद मेहुल भाई की वीरता और देशभक्ति को हमेशा याद रखा जाएगा। सरकार शहीद के परिजनों के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें हर संभव सहयोग प्रदान करेगी।”
उन्होंने आगे कहा कि पिछले एक वर्ष में नक्सल विरोधी अभियानों में तीव्रता आई है और सुरक्षाबलों ने उल्लेखनीय सफलताएं दर्ज की हैं।
“मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद का समूल नाश करना हमारा संकल्प है, और इसे हम हर हाल में पूरा करेंगे।”
वीरता की मिसाल बने मेहुल भाई
बीजापुर जिले के उसूर क्षेत्र में नक्सलियों से लोहा लेते हुए अदम्य साहस का परिचय देने वाले कांस्टेबल मेहुल भाई ने देश के प्रति सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका यह बलिदान न केवल सुरक्षा बलों के हौसले को बढ़ाता है, बल्कि समस्त राष्ट्र को गर्व की अनुभूति कराता है।
श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए गणमान्यजन
श्रद्धांजलि सभा में प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा, विधायक मोतीलाल साहू, विधायक पुरन्दर मिश्रा, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने शहीद के प्रति अपनी श्रद्धांजलि व्यक्त की।



