
सरगुजा न्यूज धमाका – जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक पैदल चल रहे ग्रामीण की जान चली गई। बताया जा रहा है कि तीन लोगों से सजी एक तेज रफ्तार बाइक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे घायल ग्रामीण की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
घटना मंगलवार देर शाम की है, जब ग्राम पटोरा निवासी गुलाब सिंह उर्फ ढोलू (पिता – खोरा) अपने साथी शंभू तिग्गा के साथ बैल लेकर राजापुर जा रहे थे। बासेन और सेदम के बीच पेट्रोल पंप के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने दोनों को टक्कर मार दी। बाइक पर तीन युवक सवार थे और वाहन पर नंबर प्लेट नहीं थी।
गंभीर रूप से घायल गुलाब सिंह को ग्रामीणों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बतौली ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में उनके साथी शंभू तिग्गा को मामूली चोटें आईं और वह बाल-बाल बच गए।
शंभू तिग्गा ने बताया कि वे गुलाब सिंह से एक जोड़ी बैल खरीदकर राजापुर जा रहे थे। रास्ते में तेज रफ्तार बाइक ने पीछे से सीधी टक्कर मार दी, जिससे गुलाब सिंह सिर के बल सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
बिना नंबर की बाइक पर सवाल
हादसे के बाद मौके से फरार हुए बाइक सवारों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। चश्मदीदों के अनुसार, बाइक बिना नंबर की थी। पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है।
गांव में शोक की लहर
गुलाब सिंह की असमय मौत से उनके परिवार और ग्राम पटोरा में गहरा शोक व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।



