
गरियाबंद,न्यूज़ धमाका :- भीषण गर्मी में आम नागरिकों तथा आवाजाही करने वाले यात्रियों को राहत प्रदान करने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार मेमन ने अनुकरणीय पहल की है। बस स्टैंड में वातानुकूल प्याऊ घर के शुभारंभ करने के साथ ही यात्री प्रतीक्षालय में ठंडी हवा के लिए कूलर व्यवस्था की हैं। इससे आवाजाही करने वाले लोगों को ठंडे पानी के साथ ही ठंडी हवा का भी लाभ मिलेगा।
प्याऊ घर में शीतल पेयजल के लिए वाटर कूलर और मटका दोनों रखा गया है ताकि कृत्रिम और प्राकृतिक दोनों तरह का ठंडा पानी लोगों को उपलब्ध हो सके। इसके अलावा पानी पीने के दौरान यहां बैठने और आराम करने के लिए कुर्सियां भी लगाई गई हैं ताकि भारी गर्मी में भी लोग सुकून से बैठ के पानी पी सके।
वहीं यात्री प्रतीक्षालय में ठंडी हवा के लिए कूलर लगाए हैं। प्रतीक्षालय को हरे मेट से घेरा गया है ताकि गर्मी में भी दूर दराज से यात्रा करने वाले यात्री बस या परिजनों के इंतजार के दौरान ठंडी हवा का लाभ ले सके।
शुक्रवार को नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार मेमन ने अपने इस अनुकरणीय पहल की शुरुआत करते हुए बस स्टैंड में प्याऊ घर तथा यात्री प्रतीक्षालय में लगाए कूलर का उद्घाटन किया। इस दौरान उनके साथ नगर पालिका के उपाध्यक्ष सुरेंद्र सोनटेके, सीएमओ हितेंद्र यादव भी उपस्थित थे। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार निर्मल ने कहा कि अप्रैल महीने में ही भीषण गर्मी देखने को मिल रही है, मई में गर्मी और बढ़ेगी।
ऐसे में आम नागरिकों तथा आवाजाही करने वाले यात्रियों के लिए यात्री प्रतीक्षालय में कूलर की व्यवस्था की गई है, इसके साथ ही लोगों को ठंडा पानी मुहैया कराने प्याऊ घर भी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन हजारों की संख्या में यात्री बस स्टैंड पहुंचते हैं, शीतल पेयजल और कूलर की सुविधा मिलने से यात्रियों को गर्मी से राहत मिलेगी। इस अवसर नगर पालिका के इंजी अश्वनी वर्मा, केशनाथ साहू सहित सभी अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।