
09 सितम्बर 2026 //
राजनांदगांव न्यूज़ धमाका – राजनांदगांव के पेण्ड्री में 2.05 करोड़ रुपये की जमीन डील में धोखाधड़ी का आरोप लगा है। 23 लाख भुगतान के बाद 1.61 करोड़ रुपये नहीं देने के मामले में तीन आरोपियों पर FIR दर्ज हुई।
भूमि विक्रय के नाम पर करोड़ों रुपये के लेनदेन में धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। ग्राम पेण्ड्री की रहने वाली चंदाबाई खरे की शिकायत पर लालबाग पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक जमीन के सौदे की कुल रकम 2.05 करोड़ रुपये तय हुई थी, लेकिन शिकायतकर्ता को कथित तौर पर केवल 23 लाख रुपये ही दिए गए और शेष 1.61 करोड़ रुपये का भुगतान नहीं किया गया।
मामले में पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में कार्रवाई की गई। नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में शिकायत की जांच की गई। दस्तावेजों और उपलब्ध तथ्यों की जांच के बाद प्रथम दृष्टया अपराध बनता पाए जाने पर लालबाग थाने में अपराध क्रमांक 391/2026 दर्ज किया गया है।
0.48 एकड़ जमीन का था सौदा
ग्राम पेण्ड्री स्थित खसरा नंबर 548/6, रकबा 0.48 एकड़ यानी करीब 0.1916 हेक्टेयर भूमि का सौदा आरोपियों के साथ 2 करोड़ 5 लाख रुपये में तय हुआ था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि सौदे के बाद उसे कुल रकम में से सिर्फ 23 लाख रुपये का भुगतान किया गया। इसके बाद जब जमीन की शेष राशि की मांग की गई तो कथित तौर पर विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने बाकी रकम देने से इनकार किया और मामले को लेकर पुलिस को भी गुमराह करने का प्रयास किया।
तीन आरोपियों पर मामला दर्ज
पुलिस ने शिकायत और जांच में सामने आए दस्तावेजों के आधार पर प्रवीण झलके, प्रभात जैन और लाला यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है।
दस्तावेजों की जांच जारी
लालबाग पुलिस ने प्रकरण को विवेचना में लेते हुए जमीन के सौदे से जुड़े दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



