
रायपुर न्यूज़ धमाका – जिले के टिकरापारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने 16.434 किलो गांजा के साथ एक अंतर्राज्यीय महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत टिकरापारा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतर्राज्यीय स्तर पर गांजा तस्करी में संलिप्त एक महिला को 16 किलो से अधिक गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 8 लाख 21 हजार 700 रुपये आंकी गई है।
महिला के कब्जे से 16.434 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध महिला को पकड़ लिया। महिला पुलिस अधिकारी की मौजूदगी में विधिवत तलाशी लेने पर उसके पास से 16.434 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपिया ने खुलासा किया कि वह उड़ीसा से गांजा लाकर उत्तर प्रदेश में खपाने की तैयारी में थी।
गांजा तस्कर महिला पर बड़ी कार्रवाई
पुलिस ने महिला आरोपी के खिलाफ थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 501/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट 1985 के अंतर्गत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया।
गांजा तस्करी करते हुए पुलिस ने महिला को दबोचा
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि, रावणभाठा मैदान स्थित भाठागांव बस स्टैंड के पास एक महिला संदिग्ध अवस्था में गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रही है। सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल के निर्देश पर और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा एवं सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मरई के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर मौके पर रवाना किया गया।
उत्तर प्रदेश की रहने वाली है महिला
गिरफ्तार महिला की पहचान पूजा देवी सोनकर (40 वर्ष), पति शंभू सोनकर, निवासी ग्राम चकरा, थाना राजगढ़, जिला गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस अब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।



