
दुर्ग न्यूज धमाका – दुर्ग जिले में अपराध लगातार बढ़ते जा रहे हैं। शुक्रवार देर रात एक युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मामला दुर्ग कोतवाली थाना क्षेत्र के नयापारा स्थित पंचशील नगर का है, जहाँ एक खाली प्लॉट में युवक का शव बरामद किया गया है।
खून से लथपथ मिला शव, सिर पर वार के निशान
स्थानीय लोगों ने सुबह खाली प्लॉट में युवक का शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पाया कि युवक का चेहरा बुरी तरह से कुचला गया था, जिससे उसकी पहचान मुश्किल हो गई। घटना स्थल से एक बड़ा पत्थर बरामद किया गया है, जिससे वारदात को अंजाम दिया गया होने की आशंका है।
मृतक की उम्र 30 से 35 साल के बीच
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष बताई जा रही है। घटनास्थल पर एक स्कूटी भी मिली है, जिस पर नंबर प्लेट नहीं है। इससे पुलिस को शक है कि हत्यारे ने पहचान छिपाने के लिए नंबर हटाया होगा।
रात में की गई हत्या की आशंका
पुलिस का अनुमान है कि हत्या की वारदात देर रात अंजाम दी गई है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है, ताकि मृतक की शिनाख्त हो सके।
पुलिस जांच में जुटी
दुर्ग कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि,
“हत्या में एक से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। जल्द ही आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।”
इलाके में दहशत का माहौल
घटना के बाद से नयापारा और आसपास के क्षेत्रों में दहशत फैल गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में रात के समय गश्त बढ़ाने की जरूरत है, क्योंकि हाल के दिनों में चोरी और झगड़े की घटनाएँ बढ़ी हैं।



