
रायपुर न्यूज धमाका – राजधानी रायपुर में ड्रग रैकेट की जांच में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एमडीएमए तस्करी मामले में पुलिस ने इवेंट मैनेजर भावेश शर्मा को गिरफ्तार किया है, जो पहले पंडिताई का काम करता था और बाद में इवेंट मैनेजमेंट से जुड़कर ड्रग रैकेट का हिस्सा बन गया।
कैसे जुड़ा ड्रग रैकेट से
- भावेश शर्मा पहले पंडिताई करता था।
- बाद में इवेंट मैनेजमेंट का काम शुरू किया और क्लब-होटलों में उसका आना-जाना बढ़ा।
- करीब तीन साल पहले वह नव्या मलिक के संपर्क में आया और उसी के जरिए ड्रग सप्लाई में शामिल हो गया।
- पुलिस ने मोबाइल चैट और कॉल डिटेल के आधार पर भावेश को गिरफ्तार किया।
क्लब में पुलिस की रेड, संदिग्ध फरार
- वीआईपी रोड के एक क्लब में क्राइम ब्रांच की टीम छापा मारने पहुंची।
- वहां मौजूद एक होटल कारोबारी का बेटा, जो ड्रग रैकेट से जुड़ा संदिग्ध है, पुलिस को देख चकमा देकर भाग निकला।
- पुलिस ने क्लब मैनेजर और स्टाफ को चेतावनी दी कि संदिग्ध को छिपाने या भागने में मदद मिली तो कार्रवाई होगी।
नव्या और कारोबारी की कनेक्शन की जांच
सूत्रों के अनुसार, नव्या अक्सर एक होटल कारोबारी के साथ कार में घूमती थी, जो शराब घोटाले समेत कई मामलों में जेल में बंद है। पुलिस को शक है कि वह कारोबारी भी ड्रग सप्लाई नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है।
आगे और गिरफ्तारियां संभव
भावेश शर्मा से पूछताछ के बाद पुलिस को उम्मीद है कि ड्रग रैकेट में शामिल कई अन्य बड़े नाम भी सामने आ सकते हैं।
