
रायगढ़ न्यूज धमाका – जिले के केलो डेम में रविवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। यहां पीडब्ल्यूडी के सब इंजीनियर डी.के. प्रधान का 24 वर्षीय बेटा सुशांत प्रधान नहाने के दौरान गहरे पानी में डूब गया। देर रात तक उसकी तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सुशांत अपने दोस्तों पुरेंद्र सिंह और अविनाश सारथी के साथ कार से डेम के पीछे वाले हिस्से में पहुंचा था। नहाने के लिए पानी में उतरने के बाद वह अचानक गहराई में चला गया और बाहर नहीं निकल सका।
दोस्तों ने पहले खुद तलाश करने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। इसके बाद वे सिटी कोतवाली थाने पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुखनंदन पटेल पुलिस बल और नगर सेना की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से तलाशी अभियान शुरू किया। फिलहाल युवक का सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस ने सुशांत के दोनों दोस्तों से पूछताछ भी शुरू कर दी है ताकि घटना की विस्तृत जानकारी मिल सके।
