
सूरजपुर/धमतरी न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में रविवार को एक तेज रफ्तार एम्बुलेंस पेड़ से टकरा गई। हादसा लटौरी चौकी क्षेत्र के कल्याणपुर जंगल के पास हुआ। एम्बुलेंस राजपुर से अंबिकापुर जा रही थी, लेकिन वाहन को वास्तविक चालक की बजाय 102 सेवा का अटेंडर (एमटी) चला रहा था। चालक बगल की सीट पर बैठा था।
तेज रफ्तार में वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बगल में बैठे चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चला रहा अटेंडर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धमतरी में कांवरियों से हादसा
उधर, धमतरी जिले में तेलीनसत्ती गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने तीन कांवरियों को टक्कर मार दी। हादसे में दो कांवरियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। ये तीनों रुद्रेश्वर मंदिर में जल चढ़ाने जा रहे थे। पुलिस वाहन और चालक की तलाश में जुटी है।
