
कांकेर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में भगवान राम और हनुमान की मूर्ति से अभद्रता करने का मामला सामने आया है। नाथिया नवागांव के पास स्थित ईशान वन में नशे की हालत में पहुंचे चार युवकों ने मूर्तियों पर थप्पड़ मारते हुए अशोभनीय हरकत की। इस पूरी घटना का वीडियो उन्होंने खुद ही बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया।
वीडियो में आरोपी मूर्तियों का अपमान करते हुए दिख रहे हैं। मामला सामने आते ही हिंदू संगठनों ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने भी तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान की और कोंडागांव जिले से चारों को गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि घटना 9 अगस्त की है। चारों युवक नशे में धुत होकर ईशान वन पहुंचे और मूर्तियों से अभद्रता की। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे और खुलासे हो सकते हैं।
स्थानीय लोगों का मानना है कि यह घटना धार्मिक आस्था पर चोट है और ऐसी हरकत करने वालों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।



