
कवर्धा न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिला अस्पताल में अब मरीजों को सीटी स्कैन जैसी आधुनिक जांच सुविधा का लाभ मिलेगा। शुक्रवार को अस्पताल परिसर में आयोजित समारोह में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने सीटी स्कैन सेवा का विधिवत उद्घाटन किया।
अब गंभीर बीमारियों की जांच होगी जिले में ही
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सीटी स्कैन सुविधा शुरू होने से जिलेवासियों को रायपुर जैसे बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा, जिससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि प्रत्येक नागरिक को उसके घर के पास बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराई जाए।
मेडिकल कॉलेज जल्द होगा शुरू
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जानकारी दी कि कवर्धा मेडिकल कॉलेज का टेंडर पूर्ण हो चुका है, और जल्द ही 50 सीटों वाला मेडिकल कॉलेज शुरू किया जाएगा। भविष्य में इस सीट संख्या को 100 तक बढ़ाया जाएगा, जिससे स्थानीय युवाओं को चिकित्सा क्षेत्र में बेहतर अवसर मिलेंगे।
जिंदा गांव को मिला ‘टीबी मुक्त गांव’ का दर्जा
इस कार्यक्रम के दौरान जिले के जिंदा गांव को छत्तीसगढ़ का पहला ‘टीबी मुक्त गांव’ घोषित करते हुए प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। स्वास्थ्य विभाग की इस उपलब्धि को ग्रामीण स्वास्थ्य सुधार की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।
कार्यक्रम में शामिल हुए कई अधिकारी
इस अवसर पर जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह के अंत में मरीजों के लिए सीटी स्कैन यूनिट का प्रदर्शन भी किया गया।



