
कोरबा न्यूज धमाका – जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तानाखार मुख्य मार्ग पर शिक्षकों और छात्रों से भरी एक विंगर वैन की सामने से आ रहे माजदा वाहन से टक्कर हो गई। इस हादसे में सभी सवार घायल हो गए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना सुबह उस वक्त हुई जब कटघोरा से पोड़ी उपरोड़ा स्थित एकलव्य विद्यालय जा रहे 10 शिक्षक और 2 छात्र विंगर वाहन में सवार थे। तभी तानाखार मार्ग पर तेज रफ्तार माजदा से उनकी गाड़ी की जोरदार भिड़ंत हो गई।
7 गंभीर रूप से घायल, जिला अस्पताल रेफर
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कटघोरा लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद 5 शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित 7 घायलों को कोरबा जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर दुर्घटना की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार हादसे की वजह तेज रफ्तार और संभावित लापरवाही मानी जा रही है। पुलिस माजदा वाहन चालक की भूमिका की भी जांच कर रही है।
स्कूल प्रशासन और अभिभावकों में मचा हड़कंप
इस दुर्घटना की खबर फैलते ही एकलव्य विद्यालय और अभिभावकों में चिंता और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सभी घायलों के परिजन अस्पताल पहुंच रहे हैं। जिला प्रशासन की ओर से भी राहत और सहायता के निर्देश जारी किए गए हैं।
