
बिलासपुर न्यूज धमाका – तखतपुर विधानसभा क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां पटवारी सुरेश मिश्रा ने अपने फार्महाउस में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि मिश्रा को भारतमाला प्रोजेक्ट में गड़बड़ी के आरोप में कुछ दिन पहले एसडीएम द्वारा निलंबित किया गया था।
दो दिन बाद होने वाला था रिटायरमेंट
जानकारी के अनुसार, सुरेश मिश्रा तखतपुर तहसील के राजस्व विभाग में कार्यरत थे और ग्राम पंचायत भाड़म में बतौर पटवारी पदस्थ थे। वे 29 जून 2025 को सेवानिवृत्त होने वाले थे। लेकिन इसके ठीक दो दिन पहले, उन्होंने अपने निजी फार्महाउस में रस्सी का फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
सुसाइड नोट में खुद को बताया निर्दोष
पुलिस को मौके से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें सुरेश मिश्रा ने लिखा है कि वे “निर्दोष हैं” और उनके ऊपर लगे आरोप गलत हैं।
संदेह जताया जा रहा है कि निलंबन की कार्यवाही और सामाजिक प्रतिष्ठा पर असर ने उन्हें मानसिक रूप से तोड़ दिया था।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आत्महत्या के पीछे कोई अन्य व्यक्तिगत या मानसिक दबाव तो नहीं था।
प्रशासन पर उठ रहे सवाल
घटना के बाद प्रशासनिक कार्रवाई की संवेदनशीलता और प्रक्रिया को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय ग्रामीणों और सहकर्मियों ने सुरेश मिश्रा की मौत पर शोक जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।


