
महासमुंद न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में नेशनल हाईवे-53 पर शनिवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा तब हुआ जब एक तेज रफ्तार कार, सड़क किनारे खड़ी एक हाईवा से जा भिड़ी।
बोकारो से रायपुर लौट रहा था बैंक मैनेजर का परिवार
मृतक और घायल सभी एक ही परिवार से हैं। कांकेर जिले के नरहरपुर में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में पदस्थ बैंक मैनेजर चंदन अभिषेक अपने माता-पिता, पत्नी और 6 वर्षीय बेटे के साथ बोकारो से रायपुर लौट रहे थे। कार चला रहा ड्राइवर ईश्वर ध्रुव (34), देर रात 1:30 बजे के करीब नींद की झपकी में कार पर से नियंत्रण खो बैठा और वाहन नेशनल हाईवे पर खड़ी हाईवा से जा टकराया।
मौके पर ही 3 की मौत
इस भीषण टक्कर में कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में बैंक मैनेजर के पिता अवध किशोर पांडेय (69 वर्ष), माता चित्रलेखा पांडेय (65 वर्ष) और ड्राइवर ईश्वर ध्रुव की मौके पर ही मौत हो गई।
तीन गंभीर घायल रायपुर रेफर
बैंक मैनेजर चंदन अभिषेक, उनकी पत्नी खुशबू कुमारी और 6 वर्षीय बेटा ध्रुव अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। तीनों को तुमगांव उप-स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर कर दिया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस ने किया मामला दर्ज
हादसे की सूचना मिलने पर महासमुंद पुलिस मौके पर पहुँची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने हाईवा चालक के खिलाफ लापरवाही और अवैध पार्किंग के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
10 घंटे में दो हादसे, 7 मौतें
गौरतलब है कि महासमुंद जिले में पिछले 10 घंटों में दो भीषण सड़क हादसे हो चुके हैं, जिनमें अब तक कुल 7 लोगों की जान जा चुकी है। बार-बार हो रहे ऐसे हादसे सड़क सुरक्षा और वाहन चालकों की सतर्कता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।
शोक संदेश:
“हम इस हृदयविदारक दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और घायल परिवार के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।”
