
दुर्ग न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। जहां शादी की खुशियों के बीच मातम की चादर छा गई। बलिया (उत्तर प्रदेश) से भिलाई शादी के लिए आई पूजा साहनी ने अपने विवाह वाले दिन ही फांसी लगाकर जीवन समाप्त कर लिया। जिस दिन उसे डोली में बैठना था, उसी दिन उसकी अर्थी उठी।
लॉज के बाथरूम में मिला शव, सुसाइड नोट नहीं मिला
यह घटना भिलाई के पावर हाउस क्षेत्र स्थित आधुनिक लॉज की है, जहां पूजा अपने परिवार के साथ दो दिन पहले ठहरी थी। शुक्रवार सुबह जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकली, तो परिजनों ने दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर दरवाजा तोड़ा गया, तो पूजा बाथरूम में दुपट्टे से फंदे पर झूलती मिली। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
परिवार में कोहराम, खुशियों का माहौल बदला शोक में
शादी की तैयारियों में जुटे परिवार पर यह सदमा कहर बनकर टूटा। परिजनों की चीख-पुकार से पूरा लॉज गूंज उठा और शादी का माहौल पल भर में गम में तब्दील हो गया।
पुलिस जांच में जुटी, कॉल डिटेल्स की जा रही खंगाल
सूचना पर छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल पूजा के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही हैं और परिजनों से पूछताछ जारी है।
क्या कहती है यह घटना?
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा किया है कि क्या हम अपने युवा और खासकर बेटियों की मानसिक स्थिति को समझ पा रहे हैं? विवाह जैसे पवित्र अवसर से पहले ऐसा कदम उठाना गहरी मानसिक पीड़ा या दबाव की ओर इशारा करता है, जिसे समाज और परिवारों को गंभीरता से समझने की आवश्यकता है।



