
10 अगस्त 2026 //
रायपुर न्यूज़ धमाका – रायपुर में महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि नाबालिग की भूमिका सामने आने पर कार्रवाई जारी है।
राजधानी रायपुर में एक महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि घटना में एक नाबालिग के शामिल होने की जानकारी के बाद उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
शराब पिलाने के बाद अलग-अलग जगह ले जाने का आरोप
पीड़िता, जो बिलासपुर के चकरभाठा क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है, उसने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि कुछ युवकों ने पहले उसे शराब पिलाई। इसके बाद उसे सरोना क्षेत्र से अलग-अलग स्थानों पर ले जाया गया। महिला ने स्कूल परिसर में भी उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया है।
आजाद चौक थाने में दर्ज हुआ था जीरो FIR
महिला की शिकायत के बाद आजाद चौक थाना पुलिस ने जीरो पर मामला दर्ज किया। जांच में घटनास्थल डीडी नगर थाना क्षेत्र से संबंधित पाए जाने के बाद प्रकरण को आगे की कार्रवाई के लिए डीडी नगर पुलिस को सौंप दिया गया।
तीन आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग पर भी कार्रवाई
पुलिस ने मामले में शिवा, आयुष और दुर्गा को गिरफ्तार किया है। वहीं नाबालिग की भूमिका सामने आने के बाद उसके खिलाफ किशोर न्याय कानून के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब पीड़िता के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और घटनास्थल से जुड़े तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। साथ ही आरोपों की पुष्टि के लिए अन्य साक्ष्यों को भी जुटाया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार- राजेश सिंह
आजाद चौक थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है और आरोपियों को डीडी नगर पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


