
धमतरी न्यूज धमाका – जिले के कुरूद थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 30 पर बुधवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में सेवानिवृत्त प्राचार्य की मौत हो गई, जबकि उनका वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा ग्राम डांडेसरा के पास हुआ, जब एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ट्रैक्टर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और ट्रैक्टर ट्रॉली के टायर तथा अन्य हिस्से करीब 15 फीट दूर जा गिरे। स्कॉर्पियो में सवार सेवानिवृत्त प्राचार्य मोहनलाल रात्रे (65) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गुलशन रात्रे वाहन में फंसा रह गया।
स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और घायल चालक को बाहर निकालकर इलाज के लिए रायपुर भेजा गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
सूचना मिलते ही कुरूद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है, लेकिन तेज रफ्तार को प्राथमिक कारण माना जा रहा है।



