
कोरबा न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रफ्तार ने एक बार फिर कहर बरपाया है। बुधवार सुबह कटघोरा थाना क्षेत्र के लखनपुर गांव में एक तेज रफ्तार डस्टर कार और बाइक के बीच हुई जोरदार टक्कर में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि मृतक की पत्नी ने अपने पति को अपनी आंखों के सामने दम तोड़ते देखा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक दंपति विजयपुर गांव से किसी काम से बाइक से निकले थे। लखनपुर के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार डस्टर कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सड़क पर दूर जा गिरी और दोनों सवार नीचे गिर पड़े। घटनास्थल पर ही खून फैल गया और मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई।
राहगीरों ने तुरंत डायल 112 को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। महिला की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
वहीं, कार चालक को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही से वाहन चलाने का मामला सामने आ रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क पर गति सीमा को लेकर सख्ती बरतने और ट्रैफिक निगरानी बढ़ाने की मांग की है। यह हादसा एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करता है कि आखिर रफ्तार पर लगाम कब लगेगी?



