
पश्चिम बंगाल न्यूज़ मतगणना शुरू हो गई है. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भवानीपुर सीट से उम्मीदवार हैं और पोस्टल बैलेट की गिनती के साथ 2500 वोटों से आगे चल रही हैं. ओडिशा की पिपली सीट पर भी उपचुनाव का आज नतीजा आएगा. गौरतलब है कि नंदीग्राम सीट से विधानसभा चुनाव हारने के बाद ममता बनर्जी इस सीट से चुनाव में खड़ी हुई हैं. यानी आज उपचुनाव के नतीजे में ममता बनर्जी के भाग्य का फैसला हो जाएगा. इसके अलावा, मुर्शिदाबाद जिले की समसेरगंज सीट और जांगीपुर सीट के उपचुनाव के नतीजे भी साथ ही जारी किये जाएंगे. वहीं, तृणमूल कांग्रेस का कहना है कि ममता बनर्जी 50 हजार से अधिक वोटों के अंतर के साथ भवानीपुर सीट से जीतेंगी. इस पर बीजेपी का कहना है कि भवानीपुर सीट पर उसकी उम्मीदवार प्रियंका टिबरेवाल ममता बनर्जी को अच्छी-खासी टक्कर दे रही हैं 30 सितंबर को निर्वाचण आयोग के अधिकारियों ने बताया था कि शाम पांच बजे तक भवानीपुर सीट पर 53.32 प्रतिशत मतदान हुआ. उन्होंने बताया कि मुर्शिदाबाद जिले की समसेरगंज सीट और जांगीपुर सीट पर क्रमश: 78.60 प्रतिशत और 76.12 प्रतिशत का उच्च मतदान दर दर्ज की गई है. अप्रैल-मई के विधानसभा चुनाव के दौरान दो प्रत्याशियों की मौत के कारण इन दो सीटों पर चुनाव रद्द करना पड़ा था. इन तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 6,97,164 मतदाता पंजीकृत हैं. भवानीपुर सीट पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सुप्रीमो बनर्जी का मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की प्रियंका टिबरेवाल और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के श्रीजीब बिस्वास से है. निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता के रूप में बनर्जी ने इलाके के मित्रा संस्थान में अपना मत डाला.




