इंदौर,न्यूज़ धमाका :- शहर के पत्थर गोदाम इलाके में क्राइम ब्रांच और दो फरार अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। खबर के अनुसार दोनों आरोपित कई मामलों में फरार थे और भागने की कोशिश कर रहे थे। इनमें से एक का नाम इम्मू उर्फ़ इमरान और दूसरे का नाम अकरम उर्फ जीन है। पुलिस मौके पर मौजूद है।
क्राइम ब्रांच एडीसीपी गुरुप्रसाद पराशर ने बाद में बताया कि दोनों चंदन नगर औऱ रावजी बाजार क्षेत्र के फरार आरोपित हैं। दोनों को पूछताछ और डोजियर के लिए थाने लाया गया। जब इनसे पूछताछ की जा रही थी तो मौका देखकर इन्होंने दौड़ लगा दी। तत्काल थाने से कंट्रोल रूम में सूचना दी गई, जिसके बाद इन्हें खोजने के लिए टीमें रवाना की गई।
इनमें से एक ने पुलिस पर फायरिंग भी की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस को भी गोली चलानी पड़ी। इसमें दोनों घायल हुए हैं और इन्हें मेडिकल के लिए अस्पताल भेजा गया है। इनके पास से एक पिस्टल भी मिली है। इनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस को सूचना मिली है इनके साथ दो और आदमी थे, जिनकी पुलिस द्वारा तलाश की जा रही है।
आरोपित की बहन ने उठाए एनकाउंटर पर सवाल
एक आरोपित ईमू की बहन शबाना ने पुलिस एनकाउंटर पर सवाल उठाए हैं। शबाना ने कहा कि पुलिस उसे तीन दिन पहले घर से उठाकर ले गई थी। पुलिस ने इमरान से कहा था कि उसने पुलिस का काम नहीं किया। तीन दिन से वह थाने में बंद था। उसके साथ मारपीट की गई। उसने पुलिस का काम करने से मना किया था।
शहर में स्वराज यात्रा में शामिल हुए हजारों लोग
1919 में 13 अप्रैल को जलियावाला बाग में जनरल डायर ने गोली चलाने का आदेश देकर असंख्य निर्दोषों को मार दिया था। देश की स्वाधीनता की 75वीं वर्षगांठ पर इस दिन शहर में स्वराज यात्रा वाहन रैली के रूप में निकाली गई।