रायपुर,न्यूज़ धमाका :- छ्त्तीसगढ़ स्टटे पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के उपभोक्ता हितैषी मोबाइल एप मोर बिजली एप्लीकेशन अब विदेशों में रह रहे प्रवासी छ्तीसगढ़ियों के लिए भी मददगार साबित हो रहा है। विदेश में रह रहे 36 सौ 13 लोगों ने अब तक इस एप को डाउनलोड किया है। इस एप पर लोगों के विश्वास को इस बात से भी समझा जा सकता है कि जहां देश भर में लगभग नौ लाख लोगों ने इसे डाउनलोड किया है,वहीं 26 अन्य देशों में भी इसे डाउनलोड कर इसकी सेवाएं ली जा रही हैं।
इस एप के जरिए विदेश में बैठे प्रवासी छत्तीसगढ़ी, छत्तीसगढ़ स्थित अपने घरों की बिजली संबंधी समस्याओं का समाधान कर लेते हैं। आमजन में लोकप्रिय इस एप को लेकर लोगों की प्रतिक्रियाओं के आधार पर गूगल ने इसे 4.4 स्टार दिया है, जो उपभोक्ताओं की अपेक्षाओं के अनुरूप होने का प्रमाण है।
एप के जरिए आम बिजली उपभोक्ता लाभांवित
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के प्रबंध निदेशक हर्ष गौतम ने बताया कि इस एप के जरिए आम बिजली उपभोक्ता लाभांवित हुए हैं जिससे एप के डाउनलोड में लगातार वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि मोर बिजली एप ने घरेलू बिजली उपभोक्ताओं के लिए 16 से अधिक सेवाओं को एक आनलाइन प्लेटफार्म पर लाकर अधिक सुलभ और सुविधाजनक बना दिया है।
एप से यह मिल रही सुविधा
मोर बिजली एप के माध्यम से छ्त्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी के निम्न दाब उपभोक्ताओं को कई सहुलियतें प्राप्त हुई हैं।एप के जरिए बिजली बिल देखने से लेकर बिल भुगतान,नया कनेक्शन, मीटर रीडिंग भेजना,बिजली संबंधी शिकायत,बिल भुगतान विवरण, बिजली भार में बदलाव सहित 16 से अधिक सेवाएं प्राप्त की जा रही हैं।


