
धमतरी न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र में देर रात तीन युवकों की हत्या से सनसनी फैल गई। घटना भोयना स्थित न्यू अन्नपूर्णा ढाबा फैमिली रेस्टोरेंट में हुई, जहां रायपुर से कार में आए तीन लोगों को धारदार हथियार से मौत के घाट उतार दिया गया।
जानकारी के अनुसार, ढाबे पर पहले से ही कुछ लोगों के बीच विवाद चल रहा था। इसी दौरान रायपुर से आए तीन युवक भी इस झगड़े में शामिल हो गए। मामला इतना बढ़ा कि वहां मौजूद कुछ लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि इस ढाबे पर रेत माफिया का आना-जाना आम है। घटना की सूचना पर अर्जुनी पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची, शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
अर्जुनी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनसे पूछताछ जारी है। हत्या के पीछे का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
