चटाई की आड़ में गांजा तस्करी: ओडिशा से एमपी ले जाते दो तस्कर गिरफ्तार, 39 किलो गांजा बरामद

कोंडागांव न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ पुलिस ने गांजा तस्करी पर एक और बड़ी कार्रवाई की है। फरसगांव क्षेत्र के बांसकोट–ओडिशा मार्ग पर पुलिस ने मध्यप्रदेश निवासी दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 39.450 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3.98 लाख रुपये बताई गई है।
चटाई बेचने के बहाने करते थे तस्करी
पुलिस के मुताबिक आरोपी अलग-अलग मोटरसाइकिलों से सफर कर रहे थे। वे खुद को चटाई विक्रेता बताकर ओडिशा से मध्यप्रदेश गांजा ले जा रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर बांसकोट चौकी थाना क्षेत्र में उन्हें रोककर तलाशी ली गई।
जांच में दोनों के कब्जे से भारी मात्रा में गांजा मिला। जिसके बाद उन्हें तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया।
हाल ही में कई बड़ी कार्रवाई
- 2 जुलाई (महासमुंद): एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में 5 क्विंटल गांजा जब्त किया था, जिसकी कीमत लगभग 75 लाख रुपये आंकी गई।
- 17 जून (रायपुर): पुलिस ने गंगानगर खमतराई में पान ठेला संचालक को गिरफ्तार किया, जो पुड़िया–पुड़िया में गांजा बेच रहा था। उसके पास से 2 किलो गांजा और धारदार हथियार जब्त किए गए।
पुलिस का सख्त रुख
पुलिस ने कहा है कि एनडीपीएस एक्ट के तहत सभी मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर नशे के कारोबार को रोकने के लिए पान ठेला संचालकों और कुम्हारों को भी चेतावनी दी गई है। हाल ही में 8 कुम्हारों ने खुद 1700 चिलम नष्ट कर नशा विरोधी अभियान में सहयोग दिया।



