
नई दिल्ली न्यूज़ धमाका /// मोदी सरकार ने तीनों नए कृषि कानूनों को शुक्रवार को वापस ले लिया है। इस बीच कृषि कानूनों को वापस लेने पर विपक्ष लगातार प्रतिक्रिया दे रहा है। वही कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने इसे किसानों की जीत बताते हुए मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा है।
प्रियंका ने कहा कि इस सरकार का स्टैंड हर रोज बदलता है। इनके बदलते रवैये और इरादों पर विश्वास करना मुश्किल है। उन्होंने पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि 600 से ज्यादा किसानों की शहादत 350 दिनों से ज्यादा का संघर्ष था। उन्होंने कहा आपके मंत्री के बेटे ने किसानों को कार से कुचल कर मार डाला। आपने उनकी कोई परवाह नहीं की।
उन्होंने कहा कि PM मोदी को इस आंदोलन में शहीद हुए किसानों को श्रद्धांजलि देनी चाहिए। प्रियंका ने आगे कहा कि आपके मंत्री के बेटे ने किसानों को कुचल दिया। आपने उसकी रक्षा की। प्रियंका ने कहा कि आपकी पार्टी के नेताओं ने किसानों का अपमान करते हुए उन्हें आतंकवादी , देशद्रोही, गुंडे, बदमाश न जाने क्या-क्या बोला।
आपने उनको खुद आंदोलनजीवी कहा, उनपर लाठियां बरसाईं उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। प्रियंका ने कहा कि अब जब चुनाव में हार नजर आने लगी तो अचानक आपको इस देश की सच्चाई समझ में आने लगी कि यह देश किसानों ने बनाया है। यह देश किसानों का है, किसान ही इस देश का सच्चा कार्यवाहक है और कोई भी सरकार किसानों के हितों को कुचलकर इस देश को नहीं चला सकती। वही इससे पहले राहुल गांधी ने कहा था कि देश के अन्नदाता ने सत्याग्रहा से अहंकार का सिर झुका दिया। अन्याय के खिलाफ ये जीत मुबारक हो। जय हिन्द, जय जवान जय किसान।




