नई दिल्ली न्यूज़ धमाका /// रॉकेट वैज्ञानिक और भारतीय एयरोस्पेस इंजीनियर डॉ एस सोमनाथ को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। सोमनाथ के सिवन का स्थान लेंगे, जो शुक्रवार 14 जनवरी को अपना विस्तारित कार्यकाल पूरा कर रहे हैं। केंद्र ने बुधवार को एस सोमनाथ को अंतरिक्ष विभाग का सचिव और अंतरिक्ष आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया।
कार्मिक मंत्रालय के एक आदेश में कहा गया है कि उनकी नई नियुक्ति पद में शामिल होने की तारीख से तीन साल के संयुक्त कार्यकाल के लिए है, जिसमें जनहित में सेवानिवृत्ति की आयु से परे कार्यकाल में विस्तार शामिल है। समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए सोमनाथ ने कहा कि मैं अंतरिक्ष विभाग के सचिव और अंतरिक्ष आयोग (इसरो) के अध्यक्ष के रूप में शामिल होने से बहुत खुश हूं। यह वास्तव में एक सम्मान है।
वीएसएससी से पहले एस सोमनाथ तिरुवनंतपुरम स्थित लिक्विड प्रोपल्शन सिस्टम सेंटर के डायरेक्टर भी रहे हैं। एस सोमनाथ ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के रॉकेट्स के विकास में काफी ज्यादा योगदान दिया है। एस सोमनाथ लॉन्च व्हीकल की डिजाइनिंग के मास्टर हैं। वे लॉन्च व्हीकल सिस्टम इंजीनियरिंग, स्ट्रक्चरल डिजाइन, स्ट्रक्चरल डायनेमिक्स और पाइरोटेक्नीक्स के एक्सपर्ट हैं।
इसरो चीफ बनने से पहले एस सोमनाथ जीएसएटी-एमके11 (एफ09) को अपग्रेड करने में लगे थे। ताकि भारी संचार सैटेलाइट्स को अंतरिक्ष में लॉन्च किया जा सके। उसके अलावा वो जीएसएटी-6ए और पीएसएलवी-सी41 को भी बेहतर बनाने में लगे थे ताकि रिमोट सेंसिंग सैटेलाइट्स को सही तरीके से लॉन्च किया जा सके।