दुर्ग,न्यूज़ धमाका :- नेहरू युवा केंद्र दुर्ग द्वारा युवा कार्यक्रम व खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वाधान में भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य पर आजादी का अमृत महोत्सव एवं फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत तीन जून विश्व साइकिल दिवस पर रैली निकाली गई।
सिविक सेंटर में रैली का शुभारंभ दुर्ग लोकसभा के सदस्य सम्मिलित हुए एवं युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए स्वयं कार्यक्रम स्थल तक साइकिल चलाते हुए पहुंचे।
यह कार्यक्रम भारत के प्रतिष्ठित 75 जिले, प्रदेश की राजधानियों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में आयोजित किया गया। नेहरू युवा केंद्र दुर्ग के जिला युवा अधिकारी नितिन कुमार शर्मा एवं कार्यक्रम सहायक आरती मिश्रा द्वारा उपस्थित अतिथियों का स्वागत पौधा भेंटकर किया गया।
मुख्यातिथि विजय बघेल ने कहा कि आज उनके स्वस्थ जीवनशैली का कारण साइकिल ही है। उन्होंने अपने विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर तक साइकिल का उपयोग किया है और आज भी वे प्रतिदिन साइकिल चलाते हैं। उन्होंने युवाओं को साइकिल चलाने प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि विधायक अरुण वोरा ने कहा कि आज की व्यस्ततम जीवनशैली में साइकिल व्यायाम का एक आसान एवं सरल माध्यम है।
सांसद बघेल ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। युवाओं के जोश को देखते हुए मुख्यातिथि ने युवाओं के साथ 7.5 किमी साइकिल चलाया।
रैली कला मंदिर से शुरू होकर ग्लोब चौक, सेंट्रल एवेंयू, सेक्टर-9 चौक, तालपुरी चौक, जेल तिराहा होते हुए विवेकानंद परिसर पद्मनाभपुर में समाप्त हुई। रैली के दौरान में डीजे पर देशभक्ति की धुन में तिरंगे को हाथ में लेकर चलते एवं भारत माता के जयकारे लगाते हुए युवाओं का जोश देखते ही बन रहा था। इस अवसर पर युवाओं में अभूतपूर्व उत्साह देखा गया।