
बलरामपुर न्यूज धमाका – जिले में सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। एनएच-343 पर झींगों अलखडीहा के पास एक यात्री बस ओवरटेक करते समय अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस में करीब 30 से अधिक यात्री सवार थे, जिनमें से 12 से ज्यादा लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं कुछ यात्रियों के बस में फंसे होने की भी खबर मिली थी।
रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी पुलिस और मेडिकल टीम
घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया और उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
इलाज जारी, जांच शुरू
घायलों का स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि कुछ की स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बस के अनियंत्रित होने की वजह तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक ओवरटेक करना माना जा रहा है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बस ड्राइवर से पूछताछ की जा रही है। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में बहाल कर दिया गया।



