
कोण्डागांव न्यूज धमाका – बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक लता उसेंडी ने रविवार को जिला मुख्यालय कोंडागांव में 1.15 करोड़ की लागत से बने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के नवीन भवन का लोकार्पण किया। इस मौके पर सात आंगनबाड़ी केंद्रों को गैस कनेक्शन और चूल्हे भी वितरित किए गए।
स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने पर जोर
लोकार्पण समारोह में विधायक लता उसेंडी ने कहा कि जिला मुख्यालय से लेकर दूरस्थ अंचलों तक स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने एनीमिया मुक्त अभियान के तहत विद्यालयों में बालिकाओं की शत-प्रतिशत जांच और मलेरिया रोकथाम के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
कलेक्टर ने दी शुभकामनाएं
कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि नए भवन के निर्माण से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी और जिला अस्पताल पर दबाव भी कम होगा।
आंगनबाड़ी केंद्रों को मिला गैस कनेक्शन
कार्यक्रम के अंत में महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत शहर के सात आंगनबाड़ी केंद्रों—बंधापारा, डीएनके-02, बाजारपारा, महात्मा गांधी वार्ड, उमरगांव ‘अ’, अमरावती और बीजापुर-01—को गैस कनेक्शन और चूल्हे दिए गए।
कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य
समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी, जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



