
दुर्ग न्यूज धमाका – भिलाई के ज्वेलरी कारोबारियों को नकली सोना और चांदी देकर ठगने वाले आरोपी को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महाराष्ट्र का निवासी है और वह अपना फर्ज़ी नाम “राजेश पाठक” बताकर सराफा दुकानों से कीमती आभूषण हड़प कर फरार हो गया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने नकली सोने के टॉप्स और चांदी के सिक्के देकर दुकानदारों से असली सोने की अंगूठी और चांदी के सिक्के लिए। पुलिस ने आरोपी के पास से 10 ग्राम और 5 ग्राम के चांदी के नकली सिक्के बरामद किए हैं।
दो ज्वेलरी दुकानों में की गई थी ठगी
ठगी की यह घटना दुर्ग के जवाहर मार्केट स्थित ‘सहेली अलंकरण’ और भिलाई के न्यू अभिषेक ज्वेलर्स में सामने आई। दोनों दुकानों के संचालकों मनोज जैन और पवन कुमार सोनी ने छावनी थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति, जिसने खुद को राजेश पाठक बताया, उनके पास नकली आभूषण लेकर आया और असली सोने की अंगूठी तथा चांदी के सिक्के लेकर चला गया।
आरोपी ने नाम बदलकर दिया था धोखा
पुलिस ने शिकायत के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए हुलिए के अनुसार एक संदिग्ध को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना असली नाम नरेंद्र नंदलाल महेश्वरी बताया और ठगी की बात कबूल की। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने नकली सोने के टॉप्स देकर धोखाधड़ी की थी।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस घटना के बाद सराफा व्यापारियों से अपील की गई है कि वे लेन-देन के समय सावधानी बरतें और अज्ञात ग्राहकों की पहचान की पुष्टि अवश्य करें।



