
रायपुर न्यूज धमाका – राजधानी के कबीर नगर इलाके में सूने घर में चोरी करने वाले कुख्यात ‘लल्ला गैंग’ का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। गैंग के मास्टरमाइंड लल्ला उर्फ आकाश बंदे समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹7.5 लाख कीमत के गहने व अन्य सामान जब्त किए हैं, जिसमें 59 ग्राम सोना और 1 किलो चांदी शामिल है।
एंटी क्राइम व साइबर यूनिट की संयुक्त कार्रवाई
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना कबीर नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। गिरफ्तार आरोपियों में लल्ला के अलावा सोहेल वर्मा और एक किशोर आरोपी शामिल हैं।
गैंग का मास्टरमाइंड लल्ला उर्फ आकाश बंदे, रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र का रहने वाला है और उस पर पहले से ही हत्या के प्रयास, दुष्कर्म, पॉक्सो और चोरी जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
29 जून की चोरी से हुआ था खुलासा
मामला तब सामने आया जब कबीर नगर फेस-3 निवासी अभिषेक शुक्ला अपने परिवार के साथ ससुराल गए हुए थे और 10 जुलाई को उन्हें चोरी की सूचना मिली। लौटने पर उन्होंने देखा कि मुख्य गेट टूटा हुआ है और अलमारी से लाखों के गहने और नकदी गायब हैं।
शुरुआती जांच में मामला साधारण चोरी का लग रहा था, लेकिन जब पुलिस को लल्ला गैंग का संदेह हुआ तो विशेष टीम गठित कर तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और पुराने अपराधियों के डाटाबेस के आधार पर तेजी से कार्रवाई की गई।
लल्ला की आपराधिक पृष्ठभूमि
- गुढ़ियारी थाने में हत्या के प्रयास का आरोपी
- खमतराई व डीडी नगर थानों में कई चोरी के मामलों में वांछित
- बेमेतरा (साजा थाना) में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत फरार
- वर्षों से पुलिस को चकमा देकर छिपा हुआ था
पुलिस की सख्ती से सामने आया गैंग नेटवर्क
इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने न सिर्फ कबीर नगर की चोरी की गुत्थी सुलझाई, बल्कि लल्ला गैंग की संगठित आपराधिक गतिविधियों का भी खुलासा किया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गैंग ने रायपुर व आसपास के क्षेत्रों में और कितनी घटनाएं अंजाम दी हैं।
जांच जारी, और गिरफ्तारी संभव
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गैंग के अन्य संभावित सदस्यों और सहयोगियों की तलाश जारी है। जल्द ही लल्ला गैंग के पूरे नेटवर्क को सामने लाया जाएगा।



