दुर्ग,न्यूज़ धमाका :- बिहान महिला समूह को स्वयं के द्वारा तैयार किए उत्पाद को बेचने के लिए जिला प्रशासन ने बाजार उपलब्ध कराया है। जनपद पंचायत परिसर में सोमवार को जिले का पहली सी मार्ट आरंभ हो गया। यहां 84 समूहों द्वारा तैयार की गई 54 प्रकार की विविध सामग्री विक्रय के लिए रखा गया है। गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने सी मार्ट का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गृहमंत्री ने कहा कि अपने देश में लोग सबसे ज्यादा भरोसा घर की बनी हुई चीजों का करते हैं। इसमें गुणवत्ता का भरोसा होता है। ग्राहकों को भी सही दाम पर चीजें मिलती हैं और विक्रेताओं को भी अच्छा मुनाफा होता है। हमारी महिलाएं गुणवत्तायुक्त चीजें तैयार तो कर रही थीं लेकिन बाजार तक इनकी सीधी पहुँच नहीं थी।
दुर्ग विधायक अरुण वोरा ने कहा कि महिला समूह के उत्पाद को बाजार उपलब्ध कराने सरकार का प्रयास लंबे से जारी था। सी मार्ट में लोगों को घर की बनाई हुई चीजे मिलेंगी। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष शालिनी यादव, दुर्ग महापौर धीरज बाकलीवाल, संभागायुक्त महादेव कावरे, कलेक्टर डा सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे, जिला पंचायत सीईओ अश्विनी देवांगन आदि थे।
एक ही छत के नीचे कई तरह की वैरायटी
गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, विधायक अरुण वोरा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने सी मार्ट के भीतर जाकर वहां विक्रय के लिए रखे गए उत्पादों को देखा। महिला समूह द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की आकर्षक पैकेजिंग की गई है। एक ही छत के नीचे बहुत तरह की वैरायटी उपलब्ध कराई गई है। जिसमें धनिया,मिर्च पावडर से लेकर आर्टिफिशियल ज्वेलरी, सजावट के सामान, आचार, पापड़, बड़ी, फिलाइल, साबुन सहित अन्य सामान शामिल है। सी मार्ट में पहले दिन करीब 12 हजार रुपये के सामानों की बिक्री हुई।