
संबंधों में खटास आने के बाद शोहदे ने पुरानी प्रेमिका की आपत्तिजनक फोटो फेसबुक पर वायरल कर दी। युवती की शिकायत पर संजीवनी नगर पुलिस ने प्रेमी के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। संजीवनी नगर पुलिस ने बताया कि 27 वर्षीय युवती की मुलाकात नारायणगंज मंडला निवासी राजदीप उर्फ प्रदीप मिश्रा से हुई थी। जिसके बाद दोनों में प्रेम संबंध बन गए।
राजदीप ने युवती को शादी का झांसा दिया और साथ में इंदौर ले गया। इंदौर में दोनों साथ रहने लगे परंतु किसी बात पर उनमें अनबन हो गई। युवती जबलपुर लौट आई और उसने राजदीप से बातचीत बंद कर दी। प्रेम संबंध के दौरान राजदीप ने अपने मोबाइल पर युवती की अश्लील फोटो खींच ली थी। जिसे फर्जी फेसबुक आइडी पर उसने वायरल कर दिया। युवती के फ्रेंड लिस्ट से जुड़े लोगों को भी उसने अश्लील फोटो भेज दिए। अश्लील फोटो वायरल होने से युवती काे अपमानित होना पड़ा। जिसके बाद उसने राजदीप के खिलाफ शिकायत की। महिला थाना प्रभारी का कहना है कि आरोपित को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इधर, पत्नी को प्रताड़ित करने वाले डाक्टर की तलाश शुरू: दहेज लोभी डाक्टर नीरज जैन व उसके स्वजन की पुलिस तलाश कर रही है। डाक्टर व उसके परिवार के लोग नवविवाहिता से दहेज में 20 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर उसे शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना दे रहे थे। गढ़ा निवासी रिचा जैन का विवाह 2017 में रहली सागर निवासी डा. नीरज जैन से हुआ था। विवाह के बाद से ही रिचा से दहेज में 20 लाख की मांग की जाने लगी। करीब छह माह पूर्व पति डा. नीरज, सास व ससुर ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया था। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है।



