
बलरामपुर न्यूज़ धमाका – छत्तीसगढ़ और झारखंड की सीमा से सटी एक चौंकाने वाली घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। शादी के महज 36 दिन बाद, एक नवविवाहिता ने अपने ही पति की मुर्गा-भात में ज़हर मिलाकर हत्या कर दी। घटना झारखंड के गढ़वा जिले के रंका थाना क्षेत्र अंतर्गत बाहोकुदर गांव की है।
विवाह के बाद भी नहीं था रिश्ता सहज
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक की पहचान 22 वर्षीय बुधनाथ सिंह के रूप में हुई है, जिसकी शादी 11 मई 2025 को बलरामपुर जिले के विशुनपुर गांव की सुनीता सिंह से हुई थी। शादी के ठीक अगले दिन ही सुनीता ने पति को अस्वीकार करते हुए कहा कि “यह व्यक्ति मुझे पसंद नहीं है”, और अपने मायके लौट गई।
पंचायत और परिवार की समझाइश के बाद सुनीता 5 जून को दोबारा ससुराल लौटी, लेकिन उसकी नीयत कुछ और ही थी।
प्लानिंग के साथ दी गई थी ज़हर
14 जून को सुनीता अपने पति के साथ बाजार गई और वहां से फसल में कीड़े मारने वाली कीटनाशक दवा खरीद लाई। घर लौटकर उसने मुर्गा-भात में ज़हर मिलाकर पति को खिलाया, जिससे बुधनाथ की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां कुछ ही घंटों में उसकी मौत हो गई।
पहले सास को बताया दोषी, फिर खुद कबूला जुर्म
शुरुआती पूछताछ में सुनीता ने सास पर ज़हर देने का आरोप लगाया, लेकिन जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने खुद कबूल किया कि पति को पसंद नहीं करने के कारण उसने उसकी हत्या कर दी।
हत्या का मामला दर्ज, पत्नी गिरफ्तार
मृतक की मां की शिकायत पर झारखंड पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर सुनीता सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है।
क्या कहती है यह घटना?
इस घटना ने समाज को एक बार फिर सोचने पर मजबूर कर दिया है कि रिश्तों की जबरदस्ती और बिना सहमति के विवाह किस तरह खतरनाक मोड़ ले सकते हैं। साथ ही यह भी दर्शाता है कि मानसिक तनाव और भावनात्मक अस्वीकृति किस हद तक व्यक्ति को अपराध की ओर ले जा सकती है।



