
01 सितम्बर 2026 //
सारंगढ़ न्यूज़ धमाका – बरमकेला से रायपुर जा रही एक बंटी बस अभ्यारण्य क्षेत्र की संकरी सड़क पर अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
बरमकेला से रायपुर जा रही एक बंटी बस अभ्यारण्य क्षेत्र की संकरी सड़क पर अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह हादसा सामने से आ रहे ट्रक को साइड देने के प्रयास में हुआ। गनीमत रही कि बस में सवार चालक, परिचालक और चार यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। बस में चालक और स्टाफ सहित करीब चार सवारी मौजूद थीं। गनीमत रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई और सभी लोग सुरक्षित बच गए।लेकिन इस हादसे ने एक बार फिर अभ्यारण्य क्षेत्र की सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सड़क के कई हिस्सों में रास्ता संकरा है, मोड़ भी खतरनाक हैं, बावजूद इसके स्पीड लिमिट, सावधानी और खतरनाक मोड़ से संबंधित पर्याप्त चेतावनी बोर्ड नजर नहीं आते। ऐसे में सवाल उठता है कि प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार क्यों कर रहा है? हादसे की सूचना मिलते ही सारंगढ़ विधायक उत्तरी जांगड़े तत्काल मौके पर पहुंचीं। उन्होंने दुर्घटनाग्रस्त बस के यात्रियों और बस स्टॉफ से कुशलक्षेम जाना और उन्हें आवश्यक सहयोग दिया।
अभ्यारण्य की संकरी सड़क पर हादसों पर लगेगा अंकुश
अभ्यारण्य क्षेत्र की संकरी सड़क पर लगातार बढ़ रहे हादसों के खतरे को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक ने सड़क के खतरनाक मोड़ों पर तत्काल चेतावनी बोर्ड लगाने का आश्वासन दिया है। इसके साथ ही उन्होंने भीड़ में मौजूद लोगों और वाहन चालकों से अपील की कि वे वन्यजीव क्षेत्र व संकरी सड़कों पर वाहनों की गति धीमी रखें और पूरी सावधानी के साथ गाड़ी चलाएं।
विधायक की अपील पर उठे सवाल
हालांकि, विधायक की इस अपील के बाद स्थानीय लोगों के मन में बड़ा सवाल उठ रहा है कि आखिर ये चेतावनी बोर्ड कब लगाए जाएंगे? यह गनीमत रही कि हाल ही में हुआ हादसा बिना किसी जनहानि के टल गया, लेकिन इससे प्रशासनिक लापरवाही पर उठते सवाल खत्म नहीं होते। क्या सड़क सुरक्षा और चेतावनी बोर्ड लगाने के लिए प्रशासन को किसी बड़े हादसे या किसी की जान जाने का इंतजार रहता है?
समय रहते सुध न ली तो चुकाने पड़ेंगे गंभीर परिणाम
संकरी सड़कें, सामने से आते भारी वाहन और तेज रफ्तार इन तीनों का संयोजन किसी भी वक्त एक भयानक हादसे की वजह बन सकता है। खासकर अभ्यारण्य क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही के कारण जोखिम और भी बढ़ जाता है। समय रहते कदम न उठाए गए तो आने वाले दिनों में कोई बड़ा हादसा इनकार नहीं किया जा सकता।
विभागीय अनदेखी छोड़ तत्काल सड़क निरीक्षण की उठी मांग
संबंधित विभाग को तत्काल सड़क का निरीक्षण करे, खतरनाक मोड़ों और संकरे हिस्सों में स्पीड लिमिट, सावधानी और मोड़ संबंधी चेतावनी बोर्ड लगाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके। आज चार यात्री बाल-बाल बच गए हैं, लेकिन अगली बार सिर्फ किस्मत के भरोसे सुरक्षा नहीं छोड़ी जा सकती।



