
01 सितम्बर 2026 //
कवर्धा न्यूज़ धमाका – कवर्धा के पीएमश्री एकलव्य छात्रावास में सीनियर छात्रों पर जूनियर की कमरे में बंद कर पिटाई करने का आरोप है, जिसके बाद घटना से परिजनों में आक्रोश है।
जिले के तरेगांव थाना क्षेत्र स्थित पीएमश्री एकलव्य आवासीय विद्यालय के छात्रावास में जूनियर छात्र की पिटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि सीनियर छात्रों ने एक जूनियर बच्चे को कमरे में बंद कर उसके साथ मारपीट की। पिटाई के बाद छात्र के कान, आंख और पीठ पर चोट के निशान बताए जा रहे हैं। घटना के सामने आने के बाद छात्र के परिजनों में नाराजगी है और उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
कमरे में बंद कर पिटाई का आरोप
छात्रावास में रहने वाले कुछ सीनियर छात्रों ने जूनियर छात्र के साथ मारपीट की। आरोप है कि बच्चे को कमरे में बंद करने के बाद उसकी पिटाई की गई। घटना के बाद पीड़ित छात्र के शरीर पर चोट के निशान दिखाई दिए। कान, आंख और पीठ पर चोट लगने की बात सामने आई है।

400 आदिवासी बच्चे छात्रावास में रहकर करते हैं पढ़ाई
पीएमश्री एकलव्य आवासीय विद्यालय में करीब 400 बच्चे अध्ययनरत हैं। यहां कक्षा 6वीं से 12वीं तक की पढ़ाई होती है। छात्रावास में रहने वाले सभी बच्चे आदिवासी समुदाय से आते हैं, जिनमें बैगा जनजाति के बच्चे भी शामिल हैं। ऐसे में छात्रावास की सुरक्षा और बच्चों की निगरानी को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
अधीक्षक की भूमिका पर भी उठे सवाल
घटना के बाद परिजनों ने छात्रावास की व्यवस्था और बच्चों की सुरक्षा को लेकर नाराजगी जताई है। परिजनों का आरोप है कि छात्रावास में बच्चों की पर्याप्त निगरानी नहीं हो रही है। इसी वजह से सीनियर छात्रों द्वारा जूनियर बच्चों के साथ मारपीट जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। मामले में छात्रावास अधीक्षक की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।

पहले भी सामने आ चुका है मारपीट का मामला
परिजनों का कहना है कि छात्रावास में मारपीट का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी बच्चों के साथ मारपीट की शिकायत सामने आ चुकी है। लगातार ऐसी घटनाओं के बाद अभिभावकों में छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आक्रोश बढ़ रहा है। घटना के बाद पीड़ित छात्र के परिजनों ने तरेगांव थाने में शिकायत की है। परिजन पूरे मामले की जांच और दोषी छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब देखना होगा कि शिकायत के आधार पर पुलिस और शिक्षा विभाग की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है।



