
20 जुलाई 2026 //
दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के तीन छात्र कार्यकर्ताओं ने आखिरकार अपना अनशन समाप्त करने का फैसला किया है। विपक्षी सांसदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और कई प्रमुख हस्तियों के एक प्रतिनिधिमंडल की अपील के बाद नेहा, आमीन और मनीष ने सोमवार को अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दी। तीनों छात्र कार्यकर्ता केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और छात्रों से जुड़े मुद्दों की मांग को लेकर पिछले 23 दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर थे। लंबे समय तक अनशन के कारण उनकी सेहत पर भी असर पड़ा था और विभिन्न संगठनों तथा जनप्रतिनिधियों की ओर से लगातार उनसे हड़ताल समाप्त करने की अपील की जा रही थी।
AISA के 3 छात्र कार्यकर्ताओं ने एक प्रतिनिधिमंडल की अपील के बाद अपना अनशन समाप्त कर दिया। संगठन के अनुसार, यह फैसला विपक्षी सांसदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों के अनुरोध के बाद लिया गया। AISA के मुताबिक, प्रतिनिधिमंडल में राज्यसभा सांसद मनोज झा, सांसद राजाराम सिंह और अमरा राम, सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव, वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण, प्रोफेसर अतुल सूद, अभिनेता प्रकाश राज और अभिनेत्री शबाना आज़मी सहित कई लोग शामिल थे। जंतर-मंतर से सामने आई तस्वीरों में शबाना आज़मी एक AISA कार्यकर्ता के गले में हाथ डालकर उनका हौसला बढ़ाती हुई दिखाई दे रही हैं। वहीं अभिनेता प्रकाश राज छात्र कार्यकर्ता नेहा को पानी पिलाते नजर आए, जिसके साथ 23 दिनों से जारी उनकी भूख हड़ताल समाप्त हुई।
इस मौके पर राज्यसभा सांसद मनोज झा ने प्रदर्शनकारियों की प्रशंसा करते हुए कहा, “आपने जो हासिल किया है, वह बहुत बड़ा है, क्योंकि यह सरकार मोर्चे पर बेनकाब हो गई है।”वहीं, सांसद राजाराम सिंह ने आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा, “आज से लोकतंत्र के सदन में भी आपका संघर्ष गूंजेगा। आपने विपक्ष के सभी दलों को लड़ने का सही तरीका दिखा दिया है।”
सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव ने कहा कि यह केवल भूख हड़ताल का अंत है, आंदोलन का नहीं। उनके अनुसार, “यह भूख हड़ताल का अंत नहीं है, बल्कि इस प्रकार के संघर्ष का समापन है।” उन्होंने संकेत दिया कि छात्रों की मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
शबाना आज़मी, बोलीं- शांतिपूर्ण विरोध लोकतांत्रिक अधिकार
मशहूर अभिनेत्री शबाना आज़मी सोमवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचीं और वहां चल रहे प्रदर्शन के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सभी लोग अपने संवैधानिक अधिकार का शांतिपूर्ण तरीके से प्रयोग करने के लिए वहां एकत्र हुए हैं। शबाना आज़मी ने कहा, “हम सभी यहां शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के लिए आए हैं, ताकि अपने देश के संविधान से मिले अधिकार का इस्तेमाल कर सकें। महात्मा गांधी ने हमें शांतिपूर्ण विरोध करने का तरीका सिखाया था और हम उसी आधार पर यहां आए हैं।” उन्होंने आगे कहा कि प्रदर्शनकारियों का किसी भी प्रकार की हिंसा करने का कोई इरादा नहीं है। उनके अनुसार, आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण है और सभी लोग अपनी मांगों को लोकतांत्रिक तरीके से रखने के लिए वहां डटे हुए हैं

23 दिनों तक भूख हड़ताल पर रहे AISA कार्यकर्ता
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) पिछले 20 जून से दिल्ली के जंतर-मंतर पर कथित नीट पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही है। इसी आंदोलन के दौरान ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के तीन छात्र कार्यकर्ता नेहा, आमीन और मनीष भी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे थे।AISA के अनुसार, तीनों छात्र कार्यकर्ताओं ने 23 दिनों तक भूख हड़ताल जारी रखी। संगठन का दावा है कि इस दौरान उनका वजन काफी कम हो गया और उनकी सेहत लगातार बिगड़ती चली गई। गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के बावजूद उन्होंने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखा



