
रायपुर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के नवनियुक्त मंत्रियों को मंत्रालय भवन में कक्ष आवंटित कर दिए गए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं।
- मंत्री गुरु खुशवंत साहेब को M1 ब्लॉक में कक्ष क्रमांक 1 से 5 आवंटित हुआ है।
- मंत्री गजेंद्र यादव को M3 ब्लॉक में कक्ष क्रमांक 8 से 12 दिया गया है।
- मंत्री राजेश अग्रवाल को M4 ब्लॉक में कक्ष क्रमांक 23 से 26 तक आवंटित हुआ है।
13 मंत्री, 12 कमरे – बड़ा सवाल
हाल ही में तीन नए मंत्रियों के शपथ लेने के बाद छत्तीसगढ़ मंत्रिमंडल की संख्या 13 हो गई है। जबकि मंत्रालय के मंत्री ब्लॉक में केवल 12 कमरे ही बने हैं। ऐसे में नए मंत्रियों के लिए कक्ष आवंटन चुनौतीपूर्ण हो गया है।
मंत्रालय भवन में पांच फ्लोर हैं – पांचवे पर मुख्यमंत्री और उनका सचिवालय है, जबकि अन्य चार फ्लोर मंत्रियों और उनके स्टाफ के लिए हैं। हर फ्लोर में तीन-तीन मंत्रियों के लिए चैंबर बने हैं।
वैकल्पिक इंतजाम
GAD अधिकारियों का कहना है कि वर्तमान में केवल दो मंत्रियों के लिए कमरे उपलब्ध थे। तीसरे मंत्री के लिए दो छोटे कमरों को जोड़कर वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। हालांकि, इस अस्थायी कमरे का आकार और सुविधाएं मंत्रियों के तयशुदा 12 कमरों जैसी नहीं हैं। अधिकारियों ने इसके लिए उच्च स्तर से मार्गदर्शन मांगा है कि किस मंत्री को छोटा कक्ष दिया जाए।
सचिवों के लिए भी जगह की दिक्कत
जब मंत्रालय बना था, तब सचिवों की संख्या कम थी, लेकिन अब यह बढ़कर 50 से अधिक हो गई है। सचिवों के लिए अलग से कक्ष उपलब्ध न होने के कारण कई को संसदीय सचिवों के कमरों में बैठाया जा रहा है।
सरकार अब मंत्रालय भवन के विस्तार (एक्सपेंशन) पर विचार कर रही है ताकि भविष्य में मंत्रियों और अधिकारियों के लिए पर्याप्त जगह सुनिश्चित की जा सके।




