
कोण्डागांव न्यूज धमाका – ग्राम पंचायत चिखलपुट्टी में बाल विवाह की गुप्त सूचना पर प्रशासन ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की। कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना के निर्देश और जिला कार्यक्रम अधिकारी अवनी कुमार बिसवाल के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस विभाग और चाइल्डलाइन की संयुक्त टीम मौके पर पहुँची।
जाँच में 16 वर्षीय नाबालिग बालिका और 19 वर्षीय बालक का विवाह कराए जाने की पुष्टि हुई। दस्तावेजों के अनुसार दोनों ही विवाह की कानूनी आयु सीमा से कम पाए गए। संयुक्त दल ने परिजनों व ग्रामीणों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, दण्डात्मक प्रावधानों और बाल विवाह के दुष्परिणामों से अवगत कराया। समझाइश के बाद परिजनों ने बालिग होने पर ही विवाह कराने का आश्वासन दिया।
ग्रामीणों और प्रशासन की मौजूदगी में पंचनामा तैयार कर बाल विवाह रोका गया। इस कार्रवाई में जिला बाल संरक्षण अधिकारी नरेन्द्र सोनी, परियोजना अधिकारी संजय पोटावी, संरक्षण अधिकारी जयदीप नाथ, विधिक सह परिवीक्षा अधिकारी सौरभ तिवारी, पुलिस अधिकारी और चाइल्डलाइन प्रतिनिधि सहित ग्राम के प्रमुख नागरिक उपस्थित रहे।



