
बिलासपुर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म जैसे गंभीर मामले में गिरफ्तार आरोपी स्वरित सिंह कोनी थाने से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है।
थाने से ऐसे हुआ फरार
जानकारी के अनुसार, सरकंडा क्षेत्र के मोपका गार्डन सिटी निवासी स्वरित सिंह को गुरुवार को कोनी पुलिस ने गिरफ्तार किया था। शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे उसने हथकड़ी खिसकाकर पुलिसकर्मियों को चकमा दिया और थाने से भाग निकला। घटना के बाद थाने में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस पर उठे सवाल
सबसे बड़ा सवाल यह है कि हथकड़ी में बंद आरोपी थाने से कैसे भाग गया और उस वक्त पुलिसकर्मी क्या कर रहे थे। यह घटना कोनी पुलिस की कार्यशैली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
नए केस दर्ज, तलाश जारी
आरोपी के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने शहर के सभी थानों को सतर्क कर दिया है। कोनी थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक बालेश्वर तिवारी की शिकायत पर स्वरित सिंह के खिलाफ एक और मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में लगी हुई हैं, लेकिन सफलता नहीं मिली है।



