
दुर्ग न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़ हुआ है। सुपेला थाना पुलिस ने नेहरू नगर चौक स्थित ‘द ग्रीन डे स्पा’ में छापा मार कार्रवाई करते हुए दो कॉल गर्ल, दो ग्राहक और स्पा सेंटर की संचालिका को गिरफ्तार किया है। इस मामले में स्पा मालिक फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
सुपेला पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्पा सेंटर में युवतियों से अनैतिक गतिविधियाँ कराई जा रही हैं। एसएसपी विजय अग्रवाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस टीम जैसे ही मौके पर पहुंची, युवतियां और युवक संदिग्ध अवस्था में पाए गए।
पूछताछ में बड़ा खुलासा
पुलिस पूछताछ में स्पा संचालिका संध्या कुमारी (34) ने स्वीकार किया कि ग्राहकों की मांग पर कॉल गर्ल्स को बुलाया जाता था और स्पा की आड़ में देह व्यापार चल रहा था। इस आधार पर पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम 1956 की धारा 3, 4, 5, 7 के तहत मामला दर्ज किया है।
बरामद सामग्री
पुलिस ने छापेमारी के दौरान 6 मोबाइल, एक लेनोवा टैब, आधार कार्ड, 8 डायरियां, 4 रजिस्टर, आपत्तिजनक वस्तुएं और 600 रुपये नकद जब्त किए हैं। मोबाइल नंबरों और ग्राहकों की जानकारी से पुलिस अन्य कड़ियों तक भी पहुंचने की कोशिश कर रही है।
टीम में शामिल अधिकारी
इस कार्रवाई में सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी, निरीक्षक विजय यादव, उनि मनीष वाजपेयी, महिला रक्षा टीम प्रभारी संगीता मिश्रा सहित कई अधिकारी और महिला आरक्षक शामिल थे।
गिरफ्तार आरोपी
- संध्या कुमारी (34), संचालिका, निवासी सुपेला
- अरविंद यादव (30), ग्राहक, निवासी सुपेला
- आदित्य सिंह (29), ग्राहक, निवासी सुपेला
- कॉल गर्ल (24 वर्षीय युवती)
- कॉल गर्ल (23 वर्षीय युवती), निवासी सुपेला
स्पा सेंटर का मालिक अभी फरार है, पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है।
