छतीसगढ़बिलासपुर

हाईकोर्ट ने SECL और NTPC को लगाई फटकार: भारी वाहनों से बर्बाद हाईवे, हादसों पर नहीं लिया ठोस एक्शन

बिलासपुर न्यूज़ धमाका – छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज क्षेत्र से होकर गुजरने वाले नेशनल हाईवे-343 (NH 343) की बदहाल हालत और लगातार हो रहे सड़क हादसों पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। हाईकोर्ट ने SECL (साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड) और NTPC (नेशनल थर्मल पावर कॉर्पोरेशन) को जोरदार फटकार लगाई है।


हाईकोर्ट ने लिया स्वतः संज्ञान

हाईवे की जर्जर स्थिति और आए दिन हो रहे सड़क हादसों को देखते हुए हाईकोर्ट ने मामले का स्वतः संज्ञान (Suo Motu Cognizance) लिया था। अदालत ने पहले ही SECL और NTPC को जवाबदेह बनाते हुए उनसे शपथ पत्र (affidavit) के माध्यम से जवाब तलब किया था कि हादसों को रोकने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं।


जवाब से असंतुष्ट कोर्ट, दोबारा मांगा स्पष्टीकरण

आज की सुनवाई में दोनों कंपनियों ने कोर्ट में अपना जवाब दाखिल किया, लेकिन हाईकोर्ट ने इसे अपूर्ण और असंतोषजनक बताते हुए नाराजगी जाहिर की। न्यायालय ने SECL और NTPC दोनों को दोबारा शपथ पत्र दाखिल करने और हादसों की रोकथाम एवं सड़क की मरम्मत को लेकर ठोस कार्ययोजना पेश करने के निर्देश दिए हैं।


भारी वाहन बने हादसों की वजह

स्थानीय लोगों और सूत्रों के मुताबिक, SECL और NTPC के भारी-भरकम ट्रकों और डंपरों की लगातार आवाजाही से NH-343 की सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे वाहन चालकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

इन सड़कों पर गड्ढों में फंसे वाहन, ब्रेक फेल, ओवरटेकिंग के दौरान ट्रकों से टकराव जैसी घटनाएं आए दिन हो रही हैं, जिनमें अब तक कई लोगों की जान जा चुकी है।


क्या कहते हैं स्थानीय लोग?

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि “कोयला कंपनियों की मनमानी” और प्रशासन की अनदेखी की वजह से हाइवे मौत के रास्ते में बदल चुका है। न सड़क की मरम्मत की जा रही है, न कोई वैकल्पिक ट्रांसपोर्ट व्यवस्था की गई है।


हाईकोर्ट का कड़ा संदेश

हाईकोर्ट ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि दोनों कंपनियों द्वारा संतोषजनक कार्रवाई रिपोर्ट अगली सुनवाई तक नहीं दी गई, तो कड़ी कार्यवाही की जाएगी। अदालत ने कहा कि “जनहित के मामले में किसी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी।”

Chhattisgarh News Dhamaka Team

अमन चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!