
तिल्दा नेवरा न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोहका हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक नवविवाहिता ने पथरी की बीमारी से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान 30 वर्षीय ऊषा कहरा पत्नी प्रमोद कहरा के रूप में हुई है।
बीमारी का दर्द नहीं झेल सकी ऊषा
मिली जानकारी के अनुसार, ऊषा कहरा पिछले कुछ समय से पथरी की बीमारी से पीड़ित थी और लगातार दर्द झेल रही थी। उसका इलाज चल रहा था, लेकिन शायद वह मानसिक रूप से इस दर्द को और सहन नहीं कर सकी। ऊषा की शादी को महज एक साल हुआ था।
घटना के समय उसका पति प्रमोद कहरा, जो एक निजी प्लांट में कार्यरत है, रोज की तरह ड्यूटी पर गया हुआ था। वहीं, सास मंदिर चली गई थी। जब वह वापस लौटी तो घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज लगाने के बाद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उन्होंने खिड़की से अंदर झांका। अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए — ऊषा पंखे से साड़ी के सहारे लटकी हुई थी।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही नेवरा थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह श्याम अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
सवाल छोड़ गई ऊषा
ऊषा की आत्महत्या ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या वह बीमारी के दर्द से तंग आकर यह कदम उठाई, या इसके पीछे कोई और कारण भी है — पुलिस इन पहलुओं की भी जांच कर रही है।



