

रायपुर न्यूज धमाका – रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जगदलपुर से रायपुर की ओर आ रही एक तेज रफ्तार यात्री बस ने केंद्री गांव के पास एक हाइवा वाहन को पीछे से जबरदस्त टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में महिला समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा सुबह करीब 4:15 बजे हुआ जब रॉयल ट्रेवल्स की यात्री बस तेज गति से चलते हुए हाइवा से भिड़ गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मृतकों में एक महिला और दो पुरुष शामिल हैं, जिनकी शिनाख्त अभी तक नहीं हो सकी है।
घायलों को तुरंत अभनपुर के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि कुछ गंभीर यात्रियों को नजदीकी निजी अस्पतालों में रेफर किया गया है। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस की तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही दुर्घटना का प्रमुख कारण हो सकता है। प्रशासन द्वारा सुरक्षित बचे यात्रियों को दूसरी बस के माध्यम से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया है।
यह घटना एक बार फिर सड़कों पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर करती है। प्रशासन ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील की है।



