
बिलासपुर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहाँ 21 वर्षीय छात्रा नवरत्ना नोरगे की उसके जन्मदिन के दिन सड़क हादसे में मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब वह अपनी सहेली के साथ कोचिंग क्लास के लिए पैदल जा रही थी। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बर्थडे-केक लेकर कोचिंग में इंतजार करती रहीं सहेलियाँ
जानकारी के अनुसार, ग्राम रिस्दा निवासी नवरत्ना नोरगे प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी और हर रोज की तरह गांव के ही कोचिंग सेंटर जा रही थी। हादसे के दिन उसका जन्मदिन भी था। उसकी सहेलियाँ कोचिंग सेंटर में केक लेकर उसका इंतजार कर रही थीं, लेकिन वहाँ नवरत्ना की जगह पहुँची उसकी मौत की खबर।
स्कॉर्पियो ने रौंदा, ड्राइवर फरार
घटना रिस्दा रोड पर हुई, जब जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला की तरफ से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने दोनों छात्राओं को टक्कर मारी। नवरत्ना की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी सहेली वर्षा को मामूली चोटें आईं। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
112 की टीम ने पहुँचाया अस्पताल, लेकिन तब तक…
हादसे की सूचना डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस और एंबुलेंस टीम मौके पर पहुँची और नवरत्ना को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पंचनामा और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
परिवार में मातम, पिता की हालत बिगड़ी
कृषक जीवनलाल नोरगे की बेटी नवरत्ना अपने परिवार की उम्मीद थी। जब यह खबर उसके घर पहुँची, तो बर्थडे की सजावटों के बीच मातम पसर गया। परिजन शव देखकर फूट-फूटकर रोने लगे, वहीं उसकी मां और पिता को होश में लाने में काफी समय लग गया।
स्थानीय प्रशासन पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि रिस्दा रोड पर वाहनों की तेज गति और अनियंत्रित ट्रैफिक आए दिन हादसों का कारण बन रहे हैं। ग्रामीणों ने स्पीड ब्रेकर और नियमित पुलिस गश्त की माँग की है।
एक उज्ज्वल भविष्य का अंत
नवरत्ना के सहपाठी और शिक्षक बताते हैं कि वह बहुत होनहार छात्रा थी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ जुटी हुई थी। जन्मदिन के दिन उसकी मौत ने पूरे क्षेत्र को गहरे शोक में डुबो दिया है।


