
बिलासपुर न्यूज़ धमाका – जिले के कोटा थाना क्षेत्र के अंतर्गत खुरदूर गांव में एक महिला की संदिग्ध हालात में लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान गांव निवासी कुंवरिया बाई के रूप में हुई है, जिनकी कुल्हाड़ी से वार कर निर्मम हत्या की गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुंवरिया बाई का शव उनके घर से लगभग 100 मीटर दूर खार (खेत) में खून से सना हुआ पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक विशेषज्ञों एवं डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया है और जांच तेज़ कर दी है। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद की आशंका जताई जा रही है। पुलिस टीम ने मृतका की बहन और उसके बेटों से पूछताछ शुरू कर दी है, साथ ही घर से गायब कुछ सदस्यों की तलाश भी की जा रही है।
फिलहाल इस जघन्य हत्याकांड के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है और हत्यारे अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। इस वारदात के बाद गांव में डर और दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे हर संभव सुराग जुटाने में लगे हैं और जल्द ही इस हत्या का खुलासा किया जाएगा।



