
बिलासपुर न्यूज धमाका – रेलवे में कार्यरत कमर्शियल इंस्पेक्टर विनीता साहनी की आत्महत्या के मामले में एक साल बाद बड़ा खुलासा हुआ है। तोरवा थाना पुलिस ने मृतका के पति ओब्रे हेल को गिरफ्तार कर लिया है। विनीता की मौत की वजह पति की अय्याशी, घरेलू हिंसा और अवैध संबंध बताए जा रहे हैं।
क्या था मामला?
6 अप्रैल 2024 को विनीता साहनी ने अपने सरकारी आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के वक्त पति घर से बाहर था और उनकी 8 साल की बेटी घर में ही मौजूद थी। प्रारंभ में पति ने विभागीय दबाव और मानसिक तनाव को कारण बताया था, लेकिन जांच में यह बात झूठी निकली।
नेशनल बास्केटबॉल प्लेयर थीं विनीता
विनीता मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर की रहने वाली थीं और राष्ट्रीय स्तर की बास्केटबॉल खिलाड़ी रह चुकी थीं। उन्हें रेलवे में स्पोर्ट्स कोटा से नियुक्ति मिली थी। 2014 में उन्होंने लव मैरिज की थी। लेकिन शादी के कुछ सालों बाद ही रिश्ते में दरार आ गई।
मोबाइल और साक्ष्यों से खुला राज
पुलिस को विनीता के मोबाइल और चैट्स से अहम सुराग मिले। जांच में सामने आया कि ओब्रे हेल का एक महिला से अवैध संबंध था और वह अक्सर विनीता के साथ मारपीट करता था। विनीता की बहन ने यह भी आरोप लगाया था कि उसे हत्या कर फांसी पर लटकाया गया है।
अय्याशी में उड़ाए पैसे
मृतका ने अपने पति को बिजनेस के लिए पैसा दिया था, लेकिन उसने वह रकम अय्याशी में उड़ा दी। बाद में विनीता ने उसे एक जिम खोलकर दिया, मगर ओब्रे वहां भी मन नहीं लगाता और महिलाओं से संबंध रखता रहा।
गिरफ्तारी और कबूलनामा
पूरे एक साल की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी पति ओब्रे हेल (उम्र 40 वर्ष, निवासी सिरगिट्टी) को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने अपना अपराध कबूल कर लिया। पुलिस ने उसे न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया है।



