
न्यूज़ धमाका :-भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए कोई कोर कसर बाक़ी नहीं छोड़ेगी. उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में एक चुनावी रैली में नरेंद्र मोदी ने कहा कि ये भारत का बढ़ता सामर्थ्य है कि यूक्रेन में फँसे भारतीय नागरिकों को निकालने केलिए इतना बड़ा अभियान चलाया जा रहा है.
पीएम मोदी ने कहा- ऑपरेशन गंगा के तहत कई हज़ार नागरिकों को वहाँ से देश वापस लाया जा चुका है. संकट में फँसे भारतीयों को ज़्यादा तेज़ी से निकालने के लिए हमारी सेना और वायुसेना को भी लगा दिया गया है. चुनावी रैलियों में उठे इस मुद्दे पर समाजवादी पार्टी के प्रमुख और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मोदी सरकार को घेरा. जौनपुर में उन्होंने कहा- दुनिया के बाक़ी देश अपने नागरिकों को लेकर चले गए, क्या भारत सरकार सो रही थी? हज़ारों की संख्या में आज भी बच्चे यूक्रेन में फंसे हैं जिसके लिए सरकार कुछ नहीं कर रही है.मंगलवार को यूक्रेन के खारकीएव शहर में एक भारतीय छात्र नवीन की मौत हो गई थी. नवीन कर्नाटक के रहने वाले थे. इसके बाद कांग्रेस ने भी मोदी सरकार के रुख़ पर सवाल उठाए थे. लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा था कि पीएम मोदी को चुनाव के बजाए यूक्रेन से भारतीयों को वापस लाने पर ध्यान देना चाहिए. वहीं राहुल गांधी ने कहा था कि भारत सरकार को रणनीतिक योजना की आवश्यकता है.बुधवार को भी उन्होंने ट्वीट कर भारत सरकार से कई सवाल पूछे. उन्होंने ट्वीट में लिखा है- और त्रासदी ना हो इसके लिए केंद्र सरकार को बताना होगा: 1. कितने छात्रों को बचाकर ला चुके हैं 2. कितने अभी भी यूक्रेन में फंसे हुए हैं 3. हर क्षेत्र के लिए विस्तृत निकास प्लान इन परिवारों को एक स्पष्ट रणनीति बताना हमारी ज़िम्मेदारी है.



