
बिलासपुर न्यूज़ धमाका /// जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में लॉटरी लगवाने का लालच देकर एक युवक से डेढ़ लाख रुपए ठगे गये। बैठे बिठाए पांच लाख रुपए पाने के प्रलोभन में आकर मजदूर ने उधारी लेकर ठगों के खातों में रकम जमा करता रहा। फिर भी इनाम नहीं मिलने पर उसे फ्रॉड होने का पता चला। अब वह रकम लौटाने की मांग को लेकर पुलिस का चक्कर काट रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार कोरमी में रहने वाले 42 वर्षीय संतोष बंजारे रोजी-मजदूरी करता है। 2 दिसंबर को उसके मोबाइल पर अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने बताया कि उसके मोबाइल नंबर को कंपनी ने लकी ड्रा में शामिल किया है। लिहाजा, वह 5 लाख रुपए और पल्सर बाइक इनाम जीत गया है। यह सुनकर संतोष ठग के झांसे में आ गया।
बिना कोई जानकारी लिए उसने इनाम की राशि व बाइक पाने का तरीका पूछा। ठग ने प्रोसेस शुल्क के रूप में अपने खाते में 1250 रुपए जमा करने कहा। ठग के बताए अनुसार संतोष ने उसके खाते में रकम भी जमा कर दिया। इसके बाद उसे अलग-अलग बहाने से रकम जमा करने की बात कही गई।
उसने अपने परिचितों से उधार में रकम लेकर अलग-अलग किश्तों में करीब डेढ़ लाख रुपए जमा करा दिए। इसके बाद भी ठग उससे और रुपए जमा कराने मांग करते रहे। तब संतोष को ठगी का अहसास हुआ। उसने इस मामले की शिकायत सिरगिट्टी थाने में की है। पुलिस ने धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर लिया है।
प्रार्थी संतोष ने पुलिस को बताया कि वह रोजी मजदूरी कर जीवन यापन करता है। इनाम के लालच में उसने बिना किसी को कुछ बताए खाते रकम जमा कर दी। इसके लिए वह अपने परिचितों से उधार भी लिया है। अब ठगी का मामला सामने आने के बाद परिचित उसे रकम लौटाने के लिए दबाव डाल रहे हैं।

