
नई दिल्ली न्यूज़ धमाका /// कर्नाटक और गुजरात के बाद महाराष्ट्र में एक 33 साल का शख्स कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन से संक्रमित पाया गया है। ये शख्स दुबई और दिल्ली के रास्ते दक्षिण अफ्रीका के केप टाउन से मुंबई लौटा है। जो कोरोना टेस्ट में पॉजिटिव पाया गया है। ये मरीज डोंबिवली नगर का रहना वाला है और अभी तक कोविड-19 का टीका भी नहीं लिया है।
हाई रिस्क वाले 12 और कम रिस्क वाले 23 लोगों के संपर्क का पता लगा है। बाकी सभी को कोविड-19 टेस्ट नेगेटिव है। इसके अलावा दिल्ली-मुंबई उड़ान के सह-यात्रियों में से 25 की रिपोर्ट नेगेटिव है। अभी और लोगों को पताया लगाया जा रहा है। वहीं छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से शनिवार को कोरोना के लिए रैपिड पीसीआर टेस्ट के लिए फीस भी कम कर दी गई। 4,500 रुपये में होने वाला टेस्ट अब 3,900 रुपये का कर दिया है।
शनिवार को ही इससे पहले गुजरात के जामनगर में भी ओमिक्रॉन वेरिएंट का पहला मामला सामने आया और सबसे पहले कर्नाटक के दो शख्स इस वायरस से संक्रमित पाए गए। दो दिन पहले जिम्बाब्वे से एक व्यक्ति गुजरात आया था। लेकिन गुजरात में टेस्टिंग के दौरान वह ओमिक्रॉन संक्रमित पाया गया।
यह मामला सामने आते ही गुजरात सरकार हरकत में आई और सीएम भूपेंद्र पटेल ने खुद अधिकारियों के साथ बैठक की। मुंबई एयरपोर्ट पर दिशानिर्देश जारी कर दिए गए हैं। कम जोखिम वाले देशों से आने वाले यात्रियों की प्राथमिकता के आधार पर जांच की जा रही है। दक्षिण अफ्रीका, बोत्सवाना और जिम्बाब्वे से आने वाले लोगों का टेस्ट किया जा रहा है और इसके साथ ही सात दिनों तक पृथकवास में रहना होगा।




