
21 अगस्त 2026 //
रायपुर न्यूज़ धमाका – उत्तराखंड के चमोली सुरंग हादसे में कोंडागांव के चार श्रमिकों की मौत हो गई। CM साय ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की सहायता के निर्देश दिए।
उत्तराखंड के चमोली में निर्माणाधीन सुरंग में पानी भरने की घटना ने छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के चार परिवारों को गहरे शोक में डुबो दिया है। हादसे में कोंडागांव के चार श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि दो श्रमिक घायल हुए हैं। घटना पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा दुख जताते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और राज्य सरकार की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया है।
पीड़ित परिवारों को मिलेगी आर्थिक मदद
मुख्यमंत्री साय ने मृतक श्रमिकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये तथा हादसे में घायल दोनों श्रमिकों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। हादसे में कोंडागांव जिले के ग्राम धनसुली के दो, मदनार के एक और दहीकोंगा के एक श्रमिक की मृत्यु हुई है। वहीं जिले के दो अन्य श्रमिक घायल हुए हैं। दिवंगत श्रमिकों के पार्थिव शरीर कोंडागांव लाए गए, जहां परिजनों की उपस्थिति में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
CM साय ने हरसंभव मदद का दिलाया भरोसा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि, दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार शोकाकुल परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है। उन्होंने कहा कि, पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने हादसे में घायल दोनों श्रमिकों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।



